NEWSUttar Pradesh

कल्याणपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई अस्पतालों पर सीलिंग व नोटिस

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (नोडल अधिकारी नर्सिंग होम) और कल्याणपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को कई निजी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न अस्पतालों में अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान रुद्र मेडिकल सेंटर को सील किया गया, जबकि एमपी हॉस्पिटल और कानपुर हेल्थ केयर सेंटर की ओटी व एचडीयू सील की गई। इसके अलावा न्यू अभिनव हॉस्पिटल, महादेव हॉस्पिटल, गांधी हॉस्पिटल और माधव हॉस्पिटल की ओटी भी सील कर दी गई।

निरीक्षण के समय सांवरिया नर्सिंग होम, स्टार सिटी हॉस्पिटल, न्यू मान्या हॉस्पिटल, ओसमियम हॉस्पिटल, ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर तथा जीवास हॉस्पिटल द्वारा चिकित्सालय के शटर या मुख्य गेट बंद पाए गए। ऐसे में संबंधित अस्पतालों के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा करते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।

इसके अलावा न्यू अभिनव हॉस्पिटल, डिवाइन मेडिकल सेंटर, किरण मेडिकल सेंटर, एएसआर हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर, वात्सल्य हॉस्पिटल और काशी हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर नोटिस जारी कर तीन कार्य दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

सील किए गए चिकित्सालयों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अस्पताल परिसर में नए मरीज भर्ती न किए जाएं तथा पहले से भर्ती मरीजों को तुरंत अन्य अस्पतालों में रेफर किया जाए।

वहीं, जेएस केयर हॉस्पिटल, बेबी पैराडाइज हॉस्पिटल, मर्सी हॉस्पिटल, साक्षी हॉस्पिटल और कानपुर मेड हॉस्पिटल समेत अन्य चिकित्सालयों का भी निरीक्षण किया गया, जहां चिकित्सकीय सेवाएं सामान्य रूप से संचालित पाई गईं और किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।

Related Articles

Back to top button