भाजपा के प्रथम महानगर अध्यक्ष गोपाल अवस्थी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर महानगर के प्रथम अध्यक्ष और संगठन के मजबूत स्तंभ रहे कर्मठ, ईमानदार एवं तपस्वी नेता गोपाल अवस्थी को भाजपा परिवार ने आज श्रद्धांजलि अर्पित की। नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ नेताओं, पूर्व पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर अपने प्रिय नेता को नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की, जबकि संचालन संतोष शुक्ला ने किया।
वरिष्ठ नेता सत्यदेव पचौरी ने श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए कहा कि विपक्ष में रहने के बावजूद संगठन के कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान सुरक्षित रखने में गोपाल अवस्थी जैसे तपस्वी नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने उन्हें संगठन की “जीवंत शक्ति” बताया।

नेताओं ने याद किया कि वर्ष 1983 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के विरोध में, कानपुर आगमन के दौरान गोपाल अवस्थी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे संगठन को मजबूती प्रदान करते रहे और कानपुर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं को तैयार किया, जिनमें से कई आज पार्टी के प्रमुख स्तंभ हैं।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान कार्यकर्ताओं को गोपाल अवस्थी के संघर्ष, अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनका त्याग और स्वच्छ राजनीतिक आचरण संगठन की मूल्यवान धरोहर है।
सभा को डॉ. श्यामबाबू गुप्ता, प्रकाश शर्मा, रविन्द्र पाटनी, दिनेश राय, दीपू पांडे, हरीश मात्रेजा, सुरेश अवस्थी, शीलू पांडेय, नीरज दीक्षित, एनडीए संयोजक सुरेश गुप्ता, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, किशनलाल सुदर्शन, पूनम कपूर, अनुराग शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में गोपाल अवस्थी के परिजन भी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि देने वालों में वरिष्ठ भाजपाजन, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, पार्षद, पूर्व पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, बस्ती प्रमुख, शक्ति केंद्र संयोजक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।



