भाजपा का विशेष बूथ प्रवास अभियान: 29 व 30 जनवरी को हर बूथ पर रहकर जोड़े जाएंगे नए और छूटे मतदाता

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आगामी 29 व 30 जनवरी को जिले के प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ पर दिनभर प्रवास कर विशेष नव मतदाता अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत ऐसे जीवित मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके SIR फॉर्म अब तक नहीं भरे गए हैं, तथा उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता को कम से कम 10 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।
यह जानकारी सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के शुभ परिणय गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी एमएलसी अनूप गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि जिले में मंडल स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के सभी पदाधिकारी अपने-अपने आवंटित शक्ति केंद्रों और बूथों पर प्रवास करेंगे तथा प्रतिदिन अभियान की प्रगति की रिपोर्ट जिला इकाई को सौंपेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करना है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रह जाए।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं सीसामऊ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुरेश अवस्थी ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक दायित्वधारी कार्यकर्ता को दोनों दिन अपने-अपने शक्ति केंद्र और बूथ पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि भाजपा का यह विशेष बूथ प्रवास अभियान लोकतंत्र को सशक्त बनाने और अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के अधिकार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक में प्रमुख रूप से सुनील तिवारी, अनूप अवस्थी, कृष्ण मुरारी शुक्ला, अवधेश सोनकर, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, मंडल अध्यक्ष गौरव पांडे, भानु प्रताप सिंह, इंद्रजीत खन्ना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



