BJP जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने CM योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कानपुर और आसपास के धार्मिक व सामाजिक महत्व से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में गुरुद्वारा सरसैया घाट के मुख्य सेवादार सरदार रमेंद्र सिंह भी शामिल रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री को गुरुद्वारा सरसैया घाट की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के साथ वहां होने वाली आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्य सेवादार सरदार रमेंद्र सिंह ‘रिंकू’ ने मुख्यमंत्री के समक्ष गुरुद्वारा सरसैया घाट मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए इसके शीघ्र नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए मार्ग का चौड़ीकरण और मरम्मत बेहद आवश्यक है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि सरसैया घाट न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके विकास से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आगामी 14 अप्रैल को गुरुद्वारा सरसैया घाट में आयोजित होने वाले विशेष लंगर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुख्य सेवादार ने कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से संगत का उत्साह बढ़ेगा और इस पवित्र स्थल की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुरुद्वारा सरसैया घाट मार्ग के नवीनीकरण के प्रस्ताव पर त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने सिख समाज द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना भी की।
इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिवांग मिश्रा भी मौजूद रहे। इस संबंध में जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।



