
डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और लेन व्यवस्था पर जोर
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार द्वारा सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जरीब चौकी चौराहे का विशेष निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान चौराहे पर यातायात को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए रस्सी के माध्यम से स्पष्ट चिन्हांकन किया गया, जिससे वाहनों की आवाजाही निर्धारित लेन में सुनिश्चित हो सके। साथ ही, चौराहे पर स्थित दुकानों का भी चिन्हांकन कर दुकानदारों से संवाद स्थापित किया गया।
दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने अतिक्रमण न करने, सड़क पर अनावश्यक सामान न रखने तथा ग्राहकों के वाहनों को व्यवस्थित रूप से पार्क कराने के लिए जागरूक किया गया। उनसे अपील की गई कि वे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, जिससे चौराहे पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस दौरान जरीब चौकी चौराहे पर रूट मार्शल की तैनाती भी की गई है। साथ ही, चौराहे पर चिन्हित चोक पॉइंट्स (Choke Points) की पहचान कर उनके कारणों को दूर करने की योजना बनाई गई है, जिससे यात्रियों के ट्रैवल टाइम को कम किया जा सके।
इस पूरी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य चौराहे पर अनावश्यक जाम की स्थिति को समाप्त करना, यातायात प्रवाह को निर्बाध बनाए रखना और आम नागरिकों के समय की बचत करना है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देश दिए गए कि चिन्हित रूट व्यवस्था हर समय स्पष्ट और अवरोध मुक्त बनी रहे। मौके पर एडीसीपी यातायात श्री कपिल देव सिंह एवं यातायात निरीक्षक मध्य जोन श्री मोवीन खान भी उपस्थित रहे।


