HomeNEWSअंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ में भव्य कार्यक्रम, महिलाओं को योजनाओं का...

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ में भव्य कार्यक्रम, महिलाओं को योजनाओं का लाभ और ‘नारी शक्ति अवॉर्ड’ से सम्मान

  • अनुराधा सिंह

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस–2026 के अवसर पर लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा विभिन्न मंत्रीगणों की उपस्थिति में महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों की महिलाओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया और सरकार द्वारा संचालित लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लाभों की जानकारी दी।

इस अवसर पर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की पुस्तक ‘सारथी’ तथा उदिता फाउंडेशन की ‘नवदिशा’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। साथ ही रोजगार संगम पोर्टल का मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को डीबीटी के माध्यम से 8 करोड़ रुपये से अधिक का बीमा प्रीमियम वितरित किया गया।

कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम के लिए कार्य करने वाली महिलाओं तथा महिला हेल्पलाइन 181 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्मिकों को ‘नारी शक्ति अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा 94 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए और कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं को चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी मातृशक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments