
कोलकाता में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में किया सामूहिक योगाभ्यास, ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ का दिया संदेश
- समय टुडे डेस्क।
कोलकाता। देशभर में 21 जून को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस का मुख्य आयोजन पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित हुआ, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर देशवासियों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ रखी गई। इस थीम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि बढ़ती उम्र के साथ भी स्वास्थ्य, ऊर्जा और सक्रियता बनाए रखने के लिए योग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न योगासन कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। इस दौरान वह एक गुरु की भूमिका में भी नजर आए और कई प्रतिभागियों के बीच पहुंचकर उन्हें योगासन करने के सही तरीके बताए। आयोजन स्थल पर उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
योगाभ्यास के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि पूरी मानवता को जोड़ने वाली शक्ति बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग की सबसे बड़ी विशेषता लोगों, समाजों और देशों को एक सूत्र में जोड़ने की क्षमता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें ऐसा जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए, जिसमें उम्र बढ़ने के साथ हमारी क्षमता और कार्यशक्ति कम न हो। योग हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाता है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसी भूमि ने रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद और लाहिड़ी महाशय जैसी महान विभूतियों को जन्म दिया, जिन्होंने भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और योग को नई दिशा प्रदान की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज योग विश्व का सबसे बड़ा जन-आंदोलन बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है।
उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, सक्रिय और खुशहाल जीवन की दिशा में आगे बढ़ें।


