हांगकांग अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उत्कृष्ट सेवा के लिए मिला सम्मान, आगामी सेवा परियोजनाओं की रूपरेखा की साझा
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-B2 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन शरद अग्निहोत्री एवं लायन रूचि अग्निहोत्री हांगकांग में आयोजित लायंस इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह में सहभागिता के बाद कानपुर लौटे। विश्व मंच पर उत्कृष्ट सामाजिक सेवा के लिए शरद अग्निहोत्री को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। स्वागत के उपरांत आयोजित विशेष कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने हांगकांग सम्मेलन के अनुभव साझा किए तथा वैश्विक स्तर पर संचालित सेवा परियोजनाओं, नई कार्यशैली और वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं एवं प्राथमिकताओं पर विस्तृत जानकारी दी।
मीडिया से बातचीत करते हुए शरद अग्निहोत्री ने कहा कि लायंस इंटरनेशनल विश्व का सबसे बड़ा सेवा संगठन है और डिस्ट्रिक्ट 321-B2 आगामी वर्ष में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, युवा विकास, महिला सशक्तिकरण, दृष्टि संरक्षण तथा मानवीय सेवा से जुड़े अनेक जनकल्याणकारी अभियान संचालित करेगा।
उन्होंने कहा कि हांगकांग सम्मेलन में प्राप्त नवीन विचारों और वैश्विक अनुभवों को जिले की सेवा गतिविधियों में शामिल कर जनसेवा को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स, कैबिनेट पदाधिकारी, विभिन्न लायंस क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने शरद अग्निहोत्री का अभिनंदन करते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।


