
फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिवस पर संगोष्ठी व सम्मान समारोह का आयोजन, नर्सिंग कर्मियों को मिला सम्मान
- अमित तिवारी
अंबेडकरनगर। आधुनिक नर्सिंग की जननी Florence Nightingale के जन्मदिवस के अवसर पर आरम्भ फाउंडेशन के संयोजन से अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस का आयोजन होटल गोमती इन, अकबरपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस वर्ष के नर्स दिवस की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य, सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” पर आधारित संगोष्ठी में नर्सिंग के महत्व, सेवा भाव और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन एवं उनके सामाजिक योगदान से भी उपस्थित लोगों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत तिलक, पुष्पवर्षा एवं सम्मान के साथ किया गया। साथ ही उन्हें प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
आरम्भ फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा अंबेडकरनगर की चेयरमैन संध्या सिंह “समीप” ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो सेवा, समर्पण और करुणा के माध्यम से समाज को नई उम्मीद देती हैं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कर्मियों का सम्मान समाज का दायित्व है।
जन शिक्षण केंद्र की सचिव पुष्पा पाल ने कहा कि नर्सें केवल उपचार ही नहीं करतीं, बल्कि अपने धैर्य और स्नेह से मरीजों में जीवन के प्रति आशा भी जगाती हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऊषा गौतम ने की तथा संचालन नीलम पांडे ने किया।
इस अवसर पर ऊषा गौतम, उम्मे हानी, संघमित्रा बौद्ध, सीमा रानी, ओमलता, वंदना, मिथिलेश कुमारी, कीर्ति सोनकर, मसालती सहित अनेक नर्सिंग अधिकारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


