
मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में एवं पूज्य श्री सतपाल जी महाराज की प्रेरणा से श्री हंस मंदिर आश्रम, कानपुर में आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशेष योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया तथा योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित एवं स्वस्थ जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का माध्यम बनकर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से योग, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

शिविर में योगाचार्य शैलेंद्र पाल ने प्रतिभागियों को योगिक सूक्ष्म क्रियाओं के साथ ताड़ासन, कोणासन, अर्ध चक्रासन, भद्रासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन एवं उत्तानपादासन का अभ्यास कराया। इसके अतिरिक्त कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान की विभिन्न विधियों का भी प्रशिक्षण दिया गया।
योगाचार्य शैलेंद्र पाल ने कहा कि योग जीवन के रहस्यों को जानने का विज्ञान है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक एवं चारित्रिक विकास संभव है तथा अनेक रोगों से भी बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे योग प्रशिक्षण शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक चेतना को भी सुदृढ़ करते हैं। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर साध्वी चंदन बाई जी, साध्वी प्रज्ञा बाई जी, साध्वी दुर्गा बाई जी, साध्वी नीलम बाई जी, साध्वी पदमा बाई जी, भारती बाई जी, योगाचार्य शैलेंद्र पाल, विपिन पथिक, अभिषेक पांडेय, अमित यादव, पूजा वर्मा, गिरधारी लाल गुप्ता, शैलेंद्र सेंगर, अवधेश कटियार, मिथलेश, किशन गुप्ता, रामपाल यादव, हरिकरण सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


