NEWSUttar Pradesh

अखिलेश यादव की मौजूदगी में कई नेताओं ने थामा सपा का दामन, 2027 में सरकार बनाने का लिया संकल्प

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए कई प्रमुख नेताओं और बुद्धिजीवियों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान सभी नए साथियों ने एकजुट होकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी से संगठन और मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी की एकजुटता और मेहनत से वर्ष 2027 में भाजपा सत्ता से बाहर होगी और समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।

समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेने वालों में प्रमुख रूप से रोहित कुमार पाण्डेय एडवोकेट शामिल हैं, जो संतकबीर नगर से कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा बीएसएफ के पूर्व डीआईजी राम सलत राम और मुजफ्फरनगर के अंकित सिंह ने भी समाजवादी पार्टी का दामन थामा।

वहीं प्रगतिशील शिक्षक एवं प्रबुद्ध समाज मंच से जुड़े प्रयागराज, लखनऊ, इटावा, लखीमपुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, कौशांबी, आजमगढ़, संतकबीरनगर, ललितपुर, कानपुर नगर, कुशीनगर, गोरखपुर ग्रामीण व नगर, अंबेडकर नगर, सिद्धार्थनगर सहित कई जिलों के शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

बताया गया कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव के विशेष प्रयासों से प्रगतिशील शिक्षक एवं प्रबुद्ध समाज मंच के कई पदाधिकारी और सदस्य समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button