
शिक्षक-अभ्यर्थी संवाद कार्यक्रम में बोले सपा प्रमुख—भर्ती प्रक्रिया होगी पारदर्शी, पेपर लीक रोकने के लिए बनेगा विशेष बल
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा और युवाओं को सरकारी नौकरी की गारंटी देने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्षिक भर्ती परीक्षाओं के लिए कैलेंडर जारी किया जाएगा और पेपर लीक रोकने के लिए विशेष बल का गठन किया जाएगा।
अखिलेश यादव डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क, गोमती नगर में आयोजित ‘पीडीए संकल्प-शिक्षक-अभ्यर्थी संवाद, अखिलेश जी के साथ’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से संवाद कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी और पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। शिक्षकों के बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की बात कहते हुए उन्होंने आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त कर पक्की नौकरियां देने का भी दावा किया।
शिक्षा और रोजगार के बीच समन्वय की जरूरत
सपा प्रमुख ने कहा कि बिना रोजगार और नौकरी के किसी भी अर्थव्यवस्था का विकास संभव नहीं है। उनके अनुसार वर्तमान समय में शिक्षा और रोजगार के बीच पर्याप्त समन्वय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं के पेपर लीक होने के बजाय कराए जाते हैं और समाजवादी सरकार बनने पर इस पर सख्ती से रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने विश्वविद्यालयों की व्यवस्था में सुधार की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को किसी विचारधारा या गुट का केंद्र बनने के बजाय शिक्षा और शोध के बेहतर संस्थान के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।

लोहिया पार्क और एक्सप्रेस-वे का किया उल्लेख
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका निर्माण पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में हुआ था। उन्होंने पार्क के निर्माण के दौरान पेड़ों को काटने के बजाय स्थानांतरित किए जाने की बात कही।
उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में बने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का भी उल्लेख किया और कहा कि इस परियोजना की विभिन्न स्तरों पर सराहना हुई है। उन्होंने लखनऊ में एचसीएल और ट्रिपल आईटी हब स्थापित किए जाने तथा समाजवादी सरकार के दौरान वितरित किए गए लैपटॉप का भी जिक्र किया।
कोचिंग संस्थानों के संचालक हुए सम्मानित
कार्यक्रम में केडी कैम्पस की संस्थापक नीतू सिंह, टीडब्लूए के संस्थापक अंकित चौधरी, एयर गुरुकुल के संस्थापक निर्भय कुमार और अभिनव मैथ्स के अभिनव शर्मा सहित कई कोचिंग संस्थानों के संचालकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन भी मौजूद रहे।
नीतू सिंह ने अपने संबोधन में रोजगार के अधिकार को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अंकित चौधरी ने भर्ती प्रक्रिया में परिणाम से लेकर नियुक्ति तक की समयसीमा निर्धारित करने और अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए पोर्टल बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने वेटिंग लिस्ट की व्यवस्था की आवश्यकता भी बताई।
निर्भय कुमार ने युवाओं से अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहने की अपील की और नैतिक विकास पर जोर दिया। वहीं अभिनव शर्मा ने युवाओं की भूमिका पर बात रखते हुए कहा कि युवा देश और समाज में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा, रोजगार और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। भाजपा सरकार को लेकर वक्ताओं ने अपने राजनीतिक आरोप भी लगाए और प्रदेश में शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में बदलाव की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में युवाओं और अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दों को आगामी राजनीतिक एजेंडे के प्रमुख विषयों में शामिल करने पर जोर दिया गया।


