HomeBundelkhandअखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के...

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक

झांसी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी ने ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय

नरेश राठौर

झांसी। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, झांसी के तत्वावधान में भानी देवी गोयल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य छत्रसाल स्वर्णकार ने की, जबकि मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झांसी महानगर के सह-कार्यवाह जयपाल रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जनपद साइबर सेल प्रभारी मोहम्मद आरिफ ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा डिजिटल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन या पासवर्ड साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

इस दौरान साइबर आरक्षी नरेंद्र कुशवाहा एवं साइबर महिला आरक्षी प्रिया शर्मा ने भी साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, झांसी के अध्यक्ष अनिरुद्ध रावत ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्राहक हितों की रक्षा के साथ-साथ समाज को जागरूक करना भी संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव अतुल गुप्ता ने किया।

कार्यक्रम में संगठन के उपाध्यक्ष विक्रम सबरवाल, सह सचिव मनीष दुबे, कोषाध्यक्ष रोहित नायक, विधि आयाम प्रमुख अभिषेक त्रिवेदी, रोजगार सृजन आयाम प्रमुख पवन पटेल, पर्यावरण आयाम प्रमुख विनीत पाठक, प्रचार आयाम प्रमुख विशाल पांडेय, अर्जुन गोस्वामी सहित संगठन के पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष विक्रम सबरवाल ने सभी अतिथियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। वहीं प्रधानाचार्य छत्रसाल स्वर्णकार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को डिजिटल युग में सुरक्षित रखने के लिए इस प्रकार के साइबर जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments