
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य, किसानों, चीन सीमा और 2027 चुनाव समेत कई मुद्दों पर घेरा
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह घटना करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ है तथा इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में हुई घटना बेहद दुखद है और इसे लेकर देश-दुनिया के रामभक्तों, संत समाज, अयोध्यावासियों तथा संबंधित संस्थाओं को संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग धन के लालच में मर्यादाएं भूल गए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि मामले की जांच ईडी, सीबीआई या आयकर विभाग से कराई जाती तो रिपोर्ट केंद्र सरकार के पास जाती, लेकिन राज्य सरकार ने एसआईटी गठित कर जांच अपने हाथ में रख ली। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और “जीरो टॉलरेंस” केवल नारा बनकर रह गया है।
प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में डीएपी और यूरिया की किल्लत है, किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और बिचौलियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण इलाज नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लखनऊ के सिविल और बलरामपुर अस्पतालों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
अरुणाचल प्रदेश में चीन के अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि सीमा पर चीन की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तर प्रदेश दौरे पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार के बीच मतभेद स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने लखनऊ के विकास के लिए कोई नया उल्लेखनीय कार्य नहीं किया।
उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान चलाएगी तथा शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावों की तैयारी भी तेज करेगी। साथ ही दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के कई नेता सीट बदलने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी उन्हें हराने के लिए तैयार है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ में एक्सप्रेस-वे, मेट्रो, जनेश्वर मिश्र पार्क, गोमती रिवरफ्रंट, इकाना स्टेडियम, 1090 वूमेन पावर लाइन, किसान बाजार, शिल्पग्राम, केजीएमयू विस्तार समेत अनेक प्रमुख विकास परियोजनाएं समाजवादी सरकार की देन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इन योजनाओं के विस्तार और विकास में बाधाएं खड़ी कीं तथा कई परियोजनाओं को उपेक्षित छोड़ दिया।


