कांग्रेसजनों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर की पूजा-अर्चना, सरकार से पारदर्शी जांच कराने की उठाई मांग
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विरोध दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने मेस्टन रोड स्थित बीच वाला मंदिर (राम-जानकी मंदिर) पहुंचकर ढोलक और मंजीरे के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा भगवान राम और हनुमान जी की पूजा-अर्चना की।
कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना करते हुए शासन, प्रशासन एवं मंदिर ट्रस्ट को सद्बुद्धि प्रदान करने की कामना की। साथ ही सरकार से पूरे मामले की समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पवन गुप्ता ने कहा कि अयोध्या जैसे पवित्र धार्मिक स्थल पर चढ़ावे और मंदिर की संपत्ति से जुड़ी चोरी एवं अनियमितताओं की खबरों ने करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि यदि भगवान राम के मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावा भी सुरक्षित नहीं है, तो यह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है।
पवन गुप्ता ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच दल के नेतृत्व को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है, इसलिए सरकार को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए जिससे जांच पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार को इस पूरे प्रकरण की सच्चाई जनता के सामने लानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
इस दौरान संजय शाह, दिलीप बाजपेई, धर्मेंद्र सिंह, रामजी दुबे, आशुतोष शुक्ला, विवेक पाल, शांतनु दीक्षित, मुकेश कनौजिया, विश्वनाथ जायसवाल, नीरज तिवारी, नागेंद्र यादव, दिनेश चौधरी, मनोज अवस्थी, रवि बाजपेई, सुधीर साहू, विनोद अवस्थी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं रामभक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने भगवान राम और हनुमान जी से प्रार्थना की कि सत्य सामने आए तथा मामले की निष्पक्ष जांच के माध्यम से दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए


