संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण, अधिकारियों को सतर्कता के निर्देश, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। अलविदा जुम्मा की नमाज को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में दिनांक 20 मार्च 2026 को पुलिस उपायुक्त (सेन्ट्रल) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने थाना बेकनगंज क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थानों, मस्जिदों के आसपास के क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त (सेन्ट्रल) अर्चना सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त अनवरगंज, थाना प्रभारी बेकनगंज सहित स्थानीय पुलिस बल एवं पीएसी के जवान मौजूद रहे।


