HomeNEWSअहमदाबाद हेरिटेज सिटी डाक मंडल और पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय का शुभारंभ

अहमदाबाद हेरिटेज सिटी डाक मंडल और पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय का शुभारंभ

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने किया उद्घाटन, उत्तर गुजरात परिक्षेत्र बना गुजरात सर्किल का सबसे बड़ा डाक परिक्षेत्र; भावनगर और सुरेंद्रनगर डाक मंडल भी हुए शामिल

  • अमित कुमार

अहमदाबाद (गुजरात)। भारतीय डाक विभाग ने डाक सेवाओं के विस्तार, बेहतर प्रबंधन और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक डाक नेटवर्क विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में नवसृजित अहमदाबाद हेरिटेज सिटी डाक मंडल और पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय का शुभारंभ उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने किया।

डाक विभाग द्वारा देशभर में प्रशासनिक इकाइयों का पुनर्गठन किया गया है। इसका उद्देश्य प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में सेवा वितरण को बेहतर बनाना, व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार करना, कार्यकुशलता बढ़ाना और राजस्व में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करना है। गुजरात सर्किल में अहमदाबाद, वडोदरा और राजकोट के अलावा सूरत में भी नए पोस्टल रीजन का सृजन किया गया है।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि डाक विभाग ने लॉजिस्टिक्स व्यवसाय को प्राथमिकता देते हुए पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स), गुजरात सर्किल और निदेशक (सेल्स) के नए पदों एवं कार्यालयों की स्थापना को भी मंजूरी दी है। इसके अतिरिक्त गुजरात में पांच नए डाक मंडल अहमदाबाद हेरिटेज सिटी, अहमदाबाद उत्कर्ष, दाहोद, सूरत (पूर्वी) और गांधीधाम सृजित किए गए हैं। प्रशासनिक पुनर्गठन की नई व्यवस्था 1 नवंबर 2026 से लागू होगी।

अहमदाबाद में अब होंगे तीन डाक मंडल

अहमदाबाद जीपीओ परिसर में नवसृजित अहमदाबाद हेरिटेज सिटी डाक मंडल का शुभारंभ करते हुए पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि अहमदाबाद जिले में डाक प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए अब तीन डाक मंडल कार्य करेंगे। इनमें अहमदाबाद सिटी, अहमदाबाद हेरिटेज सिटी और अहमदाबाद उत्कर्ष डाक मंडल शामिल हैं।

इनके मुख्यालय क्रमशः नवरंगपुरा प्रधान डाकघर, अहमदाबाद जीपीओ और धोलका डाकघर भवन परिसर में स्थापित किए जाएंगे। अहमदाबाद हेरिटेज सिटी मंडल के माध्यम से शहर के पूर्वी भाग की डाक व्यवस्था संचालित होगी।

वहीं, अहमदाबाद उत्कर्ष डाक मंडल के अंतर्गत साणंद, विरमगाम, मांडल, धोलका, बावला, धंधुका और धोलेरा तालुका के ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं एवं प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं के बेहतर प्रबंधन, निगरानी और संचालन में सुविधा मिलेगी।

उत्तर गुजरात परिक्षेत्र बना गुजरात का सबसे बड़ा डाक परिक्षेत्र

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि राजकोट रीजन में शामिल भावनगर और सुरेंद्रनगर डाक मंडलों को अब उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में शामिल किया गया है। इसके परिणामस्वरूप इस परिक्षेत्र में डाक मंडलों की कुल संख्या बढ़कर नौ हो जाएगी।

इनमें अहमदाबाद सिटी, अहमदाबाद हेरिटेज सिटी, अहमदाबाद उत्कर्ष, गांधीनगर, बनासकांठा, पाटन, महेसाणा, सुरेंद्रनगर और भावनगर डाक मंडल शामिल होंगे। इस पुनर्गठन के बाद उत्तर गुजरात परिक्षेत्र गुजरात सर्किल का सबसे बड़ा डाक परिक्षेत्र बन जाएगा।

लॉजिस्टिक्स सेवाओं को मिलेगा नया आयाम

अहमदाबाद के शाहीबाग स्थित स्पीड पोस्ट भवन में नवसृजित पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय का भी शुभारंभ किया गया। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इस कार्यालय का मुख्य फोकस मेल्स, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं पर रहेगा।

इसके अधीन गुजरात में स्थित सभी रेलवे मेल सर्विस कार्यालय, फॉरेन पोस्ट ऑफिस, ट्रांसपोर्ट सेवाएं और मेल मोटर सर्विस संचालित होंगी। इससे लॉजिस्टिक्स सेवाओं के प्रबंधन और संचालन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

आधुनिक और ग्राहक-केंद्रित डाक नेटवर्क बनाने की दिशा में पहल

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि यह प्रशासनिक पुनर्गठन गुजरात में डाक सेवाओं के विस्तार, बेहतर प्रबंधन और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक, उत्तरदायी एवं सुदृढ़ डाक नेटवर्क के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार के ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ के दृष्टिकोण के अनुरूप यह पहल प्रशासनिक समन्वय, निगरानी और डाक सेवाओं के प्रभावी संचालन को बेहतर बनाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि डाक विभाग वर्तमान में परिवर्तन के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। विभाग का लक्ष्य इसे ग्राहक-केंद्रित, प्रौद्योगिकी-संचालित, परिचालन की दृष्टि से अधिक दक्ष और वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर संगठन के रूप में विकसित करना है।

कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार, एजीएम आईपीपीबी संदीप कुमार, चीफ मैनेजर अभिजीत जीभकाटे, सीनियर पोस्टमास्टर वारिस वहोरा, सहायक निदेशक अल्पेश शाह, रितुल गांधी, दर्शन तपस्वी, सहायक अधीक्षक आर.टी. परमार, जगदीश जीड, के.ए. रॉय, आर.ए. शेख, पराग वासनिक, एस.एन. घोरी, बिरंग शाह, भाविन प्रजापति, डाक निरीक्षक दक्षेश चौहान, विपुल चडोतरा और योगेंद्र राठौड़ सहित डाक विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments