HomeNEWSआईआईटी कानपुर के साथ एडवांस्ड साइबर ट्रेनिंग की शुरुआत, पुलिस की जांच...

आईआईटी कानपुर के साथ एडवांस्ड साइबर ट्रेनिंग की शुरुआत, पुलिस की जांच क्षमता होगी और मजबूत

कमिश्नरेट कानपुर और आईआईटी के बीच हुए एमओयू के तहत पहला प्रशिक्षण सत्र आयोजित, साइबर अपराधों की जांच की आधुनिक तकनीकों पर मिला प्रशिक्षण

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम और जांच क्षमता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कमिश्नरेट कानपुर नगर ने आईआईटी कानपुर के सहयोग से एडवांस्ड लेवल साइबर ट्रेनिंग प्रोग्राम की शुरुआत की है। कमिश्नरेट कानपुर नगर एवं आईआईटी कानपुर के मध्य हस्ताक्षरित एमओयू के अंतर्गत 28 जुलाई 2026 को प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला सत्र आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में थाना साइबर क्राइम, कमिश्नरेट कानपुर नगर की टीम ने आईआईटी कानपुर के प्रोफेसरों एवं प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों से एडवांस्ड साइबर इन्वेस्टिगेशन, डिजिटल फॉरेंसिक, साइबर इंटेलिजेंस, मालवेयर एनालिसिस, एआई आधारित थ्रेट डिटेक्शन तथा उभरते साइबर अपराधों की जांच से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को नवीनतम तकनीकी ज्ञान से लैस करना है, ताकि साइबर अपराधों की जांच अधिक प्रभावी, त्वरित और वैज्ञानिक तरीके से की जा सके। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने डिजिटल साक्ष्यों के संग्रह, विश्लेषण और साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप से निपटने के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तृत जानकारी दी।

कमिश्नरेट कानपुर नगर ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी सत्रों में भी लगातार जारी रहेगा। इसके माध्यम से पुलिस की तकनीकी दक्षता, डिजिटल जांच क्षमता और साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने की क्षमता को और अधिक मजबूत किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ प्रशिक्षण के समन्वय से सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments