HomeNEWSआज से शुरू होंगे शुभ कार्य, विवाह समारोहों की फिर बजेगी शहनाई

आज से शुरू होंगे शुभ कार्य, विवाह समारोहों की फिर बजेगी शहनाई

पुरुषोत्तम मास के समापन के बाद मांगलिक कार्यों पर लगी रोक समाप्त, जुलाई में कई शुभ विवाह मुहूर्त

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। लगभग एक माह तक चले पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के समापन के बाद आज 19 जून से विवाह सहित अन्य सभी शुभ एवं मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही एक बार फिर शादी-विवाह और धार्मिक आयोजनों की तैयारियां तेज हो गई हैं।

ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश तिवारी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास का समापन 15 जून को सोमवती अमावस्या के साथ पूर्ण श्रद्धा एवं आस्था के बीच संपन्न हुआ। इस दौरान भगवान विष्णु को समर्पित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ, कथा एवं भजन-कीर्तन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास को अधिक मास भी कहा जाता है, जो लगभग तीन वर्ष में एक बार आता है और इसे भगवान विष्णु का प्रिय मास माना जाता है।

पंडित तिवारी के अनुसार पुरुषोत्तम मास की समाप्ति के बाद अब शुभ कार्यों के लिए अनुकूल समय प्रारंभ हो गया है। विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, नामकरण सहित सभी मांगलिक संस्कार अब संपन्न किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जुलाई माह में 1, 2, 6, 7, 8, 11 और 12 जुलाई को विवाह के लिए शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं। इसके बाद 25 जुलाई से चातुर्मास प्रारंभ हो जाएगा, जिसके चलते आगामी चार महीनों तक विवाह एवं अन्य प्रमुख मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।

चातुर्मास की समाप्ति के बाद 20 नवंबर से पुनः शुभ एवं मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू होगा और विवाह समारोहों की रौनक एक बार फिर देखने को मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments