आपातकालीन मरीजों के लिए कानपुर पुलिस की ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था शुरू

जीवन रक्षा के लिए त्वरित अस्पताल पहुंच सुनिश्चित करेगी नई पहल
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। कमिश्नरेट कानपुर नगर द्वारा आपातकालीन (लाइफ थ्रेटनिंग) परिस्थितियों में मरीजों को शीघ्र, सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से अस्पताल पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था की शुरुआत की गई है।
इस व्यवस्था के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में एक विशेष ग्रीन कॉरिडोर सेल स्थापित किया गया है, जो एम्बुलेंस की रियल टाइम मॉनिटरिंग और समन्वय सुनिश्चित करेगा।
एम्बुलेंस चालक या संचालक आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 9454402413 पर संपर्क कर अपनी एम्बुलेंस की लोकेशन, गंतव्य अस्पताल और मार्ग की जानकारी दे सकते हैं। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम द्वारा लाइव सीसीटीवी कैमरों और गूगल मैप्स के माध्यम से एम्बुलेंस की लगातार निगरानी की जाएगी तथा संबंधित मार्गों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट किया जाएगा।

जहां भी रास्ते में जाम या अवरोध की स्थिति होगी, वहां एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही पुलिस टीम द्वारा यातायात को सुचारू कर दिया जाएगा, जिससे एम्बुलेंस को निर्बाध “ग्रीन कॉरिडोर” उपलब्ध हो सके और मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
इस पहल के सफल क्रियान्वयन के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, अस्पताल संचालकों, एम्बुलेंस संचालकों तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा भी सहयोग और सुझाव प्रदान किए गए हैं।
कानपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे एम्बुलेंस को प्राथमिकता देकर इस व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जीवनरक्षक बनाया जा सके।



