डीएम से शिकायत, महापौर प्रमिला पांडेय को भी सौंपा ज्ञापन; निर्माण रोकने की मांग
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। नरोना चौराहे पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने कानपुर मेट्रो द्वारा कराए जा रहे निर्माण को लेकर कांग्रेसजनों ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रतिमा के ठीक सामने निर्माण होने से उसका दृश्य प्रभावित हो रहा है, जिसे उन्होंने अनुचित बताते हुए निर्माण तत्काल रोकने की मांग की है।
मामले को लेकर कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता एवं पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने जिलाधिकारी कानपुर से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक स्थल पर स्थापित देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘आयरन लेडी’ स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने इस प्रकार का निर्माण किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी से निर्माण कार्य को रुकवाने तथा मौके का निरीक्षण कर उचित समाधान निकालने की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम सिटी को प्रकरण का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।
पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी की प्रतिमा शहर की महत्वपूर्ण पहचान है और उसके सामने निर्माण किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने महापौर प्रमिला पांडेय को भी ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी, एडीएम सिटी, महापौर एवं संबंधित विभाग मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए निर्माण को रुकवाएंगे और इंदिरा गांधी की प्रतिमा की गरिमा एवं सम्मान को अक्षुण्ण रखा जाएगा।


