HomeNEWSइंदिरा गांधी प्रतिमा के सामने कथित अवैध निर्माण के विरोध में कांग्रेस...

इंदिरा गांधी प्रतिमा के सामने कथित अवैध निर्माण के विरोध में कांग्रेस ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

निर्माण हटाने की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर माल रोड स्थित नरोना चौराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने किए जा रहे कथित अवैध निर्माण को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि वर्ष 1990 में स्थापित इंदिरा गांधी की प्रतिमा के मुख्य द्वार के सामने कथित रूप से अवैध निर्माण कराया जा रहा है। उनका आरोप है कि इससे प्रतिमा स्थल का मुख्य प्रवेश द्वार प्रभावित हो रहा है और प्रतिमा का स्वरूप भी आंशिक रूप से ढक रहा है। कांग्रेस ने इसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए निर्माण को तत्काल रुकवाने और हटवाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध-प्रदर्शन करेंगे और अवैध निर्माण हटाने के लिए आंदोलन करेंगे।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया तथा अपर जिलाधिकारी को आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, ज्ञापन देने के बाद उन्हें सूचना मिली कि प्रतिमा स्थल पर निर्माण कार्य जारी है। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता माल रोड स्थित नरोना चौराहे पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाने का दावा किया।

कांग्रेस ने यह भी घोषणा की कि 5 अगस्त को पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गुरुदेव टॉकीज चौराहा स्थित मेट्रो कार्यालय में संबंधित अधिकारियों से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा और निर्माण हटाने की मांग करेगा। पार्टी का कहना है कि यदि संबंधित अधिकारियों ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव हर प्रकाश अग्निहोत्री, पवन गुप्ता, पूर्व प्रदेश महासचिव निजामुद्दीन खान, इकबाल अहमद, कृपेश त्रिपाठी, सुनील राठौर, पूर्व पार्षद अनिल बाजपेई, महेंद्र त्रिपाठी, अनूप श्रीवास्तव, ग्रीन बाबू सोनकर, लायर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रमाकांत मिश्रा, काशिफ बंटू, रीतेश यादव, सैमुअल लकी सिंह, प्रमोद गुप्ता, रामजी दुबे, विश्वनाथ जायसवाल, सुधीर साहू, आशुतोष शुक्ला, चुन्नू निगम, जफर शाकिर, काशी जायसवाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments