HomeNEWSइंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल पर निर्माण को लेकर कांग्रेस का विरोध, धरना-प्रदर्शन...

इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल पर निर्माण को लेकर कांग्रेस का विरोध, धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

मेट्रो प्रबंधन से मिलने पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधि, प्रोजेक्ट प्रबंधक ने स्थानांतरण का दिया आश्वासन

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को माल रोड स्थित नरोना चौराहे पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा स्थल के मुख्य द्वार पर कथित अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण के विरोध में मेट्रो परियोजना कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रतिमा स्थल के मुख्य द्वार पर सुनियोजित तरीके से निर्माण कराया जा रहा है, जिससे प्रतिमा स्थल की गरिमा प्रभावित हो रही है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वे मेट्रो के प्रोजेक्ट प्रबंधक से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन उनके अनुसार प्रोजेक्ट प्रबंधक कार्यालय में उपलब्ध नहीं मिले।

काफी प्रयास और विरोध के बाद सुरक्षा अधिकारी राकेश तिवारी के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल की मोबाइल फोन पर प्रोजेक्ट प्रबंधक से बातचीत कराई गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रतिमा स्थल पर किए जा रहे निर्माण का विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि इससे पूर्व भी प्रतिमा स्थल के स्वरूप से छेड़छाड़ की गई थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो कांग्रेस इस मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन कर मुखर विरोध करेगी।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, बातचीत के दौरान प्रोजेक्ट प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि मामले पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर निर्माण को दूसरी जगह स्थानांतरित कराने का प्रयास किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व पार्षद अनिल बाजपेई, पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव सुनील राठौर, पीसीसी सदस्य ग्रीन बाबू सोनकर, अनूप श्रीवास्तव, लायर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रमाकांत मिश्रा, दिनेश दीक्षित, विनय पांडेय, भूपिंदर सिंह भदौरिया, प्रमोद गुप्ता, दीप पांडेय, चुन्नू निगम, बंटू बाजपेई, मुन्ना खां सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments