
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पौधारोपण, युवा दौड़ और हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता; विद्यार्थियों व NCC कैडेट्स हुए सम्मानित
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शहीद स्मारक ईको पार्क, माती में भव्य ध्वजारोहण एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राष्ट्रध्वज को सलामी देकर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया।

ईको पार्क माती में आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशप्रेम से भर दिया।
इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इसके साथ ही युवाओं की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ से जुड़े कार्यक्रम में भी सहभागिता की गई।

समारोह में विद्यार्थियों, NCC कैडेट्स एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान पाकर प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। तिरंगे की शान, देशभक्ति के नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पूरे परिसर में राष्ट्रप्रेम, एकता एवं गौरव की भावना दिखाई दी। आयोजन ने उपस्थित लोगों को अमर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।


