ईद-उल-फितर को लेकर पुलिस अलर्ट, अपर पुलिस आयुक्त ने किया फ्लैग मार्च

ईदगाहों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, शांति बनाए रखने की अपील
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। ईद-उल-फितर पर्व के मद्देनज़र शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में 21 मार्च 2026 को अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था विपिन ताडा ने क्षेत्र में व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त दक्षिण, सहायक पुलिस आयुक्त बाबूपुरवा सहित संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस बल भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने बाबूपुरवा ईदगाह और उस्मानपुर ईदगाह (थाना हनुमन्त विहार) का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन आकलन किया और ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने तथा पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस आयुक्त ने स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और धर्मगुरुओं से संवाद कर सभी से त्योहार को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
इसके साथ ही दंगा निरोधी उपकरणों की जांच कर उनकी उपलब्धता और कार्यशीलता सुनिश्चित की गई। पोस्टर पार्टी को भी उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अंत में ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग करते हुए अधिकारियों ने सभी को अपने कर्तव्यों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


