
बड़ी ईदगाह पहुंचकर भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश
- नरेश राठौर
झांसी। पावन पर्व ईद-उल-फितर के अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव ने झांसी की बड़ी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की हार्दिक मुबारकबाद दी।
इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात कर गले मिलते हुए त्योहार की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ईद का त्योहार अमन, शांति और सौहार्द का प्रतीक है, जो समाज में प्रेम और एकता को बढ़ावा देता है। यह पर्व सभी को मिलजुलकर रहने और एक-दूसरे के प्रति सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने सभी के जीवन में खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि ऐसे पर्व समाज को जोड़ने और देश की एकता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।


