HomeNEWSउन्नाव की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी का भव्य स्वागत, विकास कार्यों की...

उन्नाव की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी का भव्य स्वागत, विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए अहम निर्देश

प्रथम जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन, विकास भवन और भाजपा कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठकें

  • गौरव मिश्रा

उन्नाव। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री एवं जनपद उन्नाव की नव नियुक्त प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी के प्रथम जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा साथी एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नगर पालिका परिषद उन्नाव की अध्यक्ष श्वेता भानु मिश्रा ने प्रभारी मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा सुशासन एवं जनकल्याण की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। उन्होंने प्रभारी मंत्री को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

इसके बाद विकास भवन सभागार में प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा एवं परिचय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।

वहीं भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक परिचयात्मक बैठक में भी प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, जनहितकारी कार्यक्रमों तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी के जनपद आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रमों के दौरान संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments