HomeNEWSउन्नाव: त्योहारों से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की...

उन्नाव: त्योहारों से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील

  • विशाल कुमार

उन्नाव। रमजान माह, आगामी होली और ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शनिवार (01 मार्च 2026) को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कस्बा बेथर (थाना अचलगंज क्षेत्र) में भारी पुलिस बल के साथ व्यापक पैदल रूट मार्च निकाला गया।

रूट मार्च में अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी, सहायक पुलिस अधीक्षक संचित शर्मा तथा क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस बल दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस रहा।

मार्च के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और धर्मगुरुओं से संवाद कर आपसी भाईचारे, परस्पर सम्मान और सहयोग की भावना के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या उत्तेजक पोस्ट करने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस-प्रशासन ने आमजन से शांति और सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों को सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments