साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित मामलों की समीक्षा और पीड़ितों को त्वरित सहायता के दिए निर्देश
- मोहित कुमार
महोबा। अपर पुलिस अधीक्षक महोबा वंदना सिंह द्वारा जनपद महोबा के साइबर थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों की विवेचना, नवीनतम तकनीकों के उपयोग एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव की गहन समीक्षा की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने साइबर थाना की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से पीड़ित लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने साइबर सेल प्रभारी को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को ऑनलाइन अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं।
एएसपी ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में नागरिकों को जागरूक करने और पुलिस कर्मियों को नवीनतम तकनीकों का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान साइबर थाना के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


