HomeNEWSएडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कानपुर देहात में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कानपुर देहात में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, जनप्रतिनिधियों व व्यापारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और जनसहभागिता पर दिया जोर

  • आशीष तिवारी

कानपुर देहात। एडीजी जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद कानपुर देहात के भ्रमण के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं लंबित विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान उन्होंने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित अनावरण, महिला संबंधी अपराधों के समयबद्ध निस्तारण तथा संवेदनशील मामलों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना स्तर पर सतर्कता बढ़ाने, निरोधात्मक कार्यवाहियों में तेजी लाने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।

एडीजी ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरदायी, संवेदनशील एवं पेशेवर दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

इसके उपरांत एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर जनसहभागिता के माध्यम से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर चर्चा की। बैठक में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने उपस्थित लोगों से शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित सामाजिक वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इसके बाद मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर जनहित एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर सकारात्मक समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र श्री यमुना प्रसाद, पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं डीआईजी यमुना प्रसाद ने राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक कर जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों की समीक्षा भी की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments