एफआईआर और विवेचनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, पारदर्शिता एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर कानपुर जोन के सभी जनपद प्रभारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। अपर पुलिस महानिदेशक (कानपुर जोन) अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर जोन के सभी जनपद प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जनपद ललितपुर द्वारा विकसित ‘ललितपुर मॉनिटरिंग डैशबोर्ड’ की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान डैशबोर्ड के माध्यम से एफआईआर और विवेचनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, कार्यों में पारदर्शिता तथा मामलों के समयबद्ध निस्तारण को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने डैशबोर्ड की विभिन्न तकनीकी विशेषताओं एवं उसके बेहतर उपयोग के संबंध में अपने सुझाव भी साझा किए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए लंबित विवेचनाओं एवं प्रकरणों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण हो सके और पुलिस व्यवस्था अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बने।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद सहित कानपुर जोन के सभी जनपदों के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


