आगामी पर्वों की तैयारियों, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जोनल कार्यालय में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि भी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की स्थिति, आगामी पर्वों की तैयारियां तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। एडीजी ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय से सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी स्थिति से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश भी दिए।


