सेवाकाल में दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को मिली नियुक्ति
- मनीषा जैन
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक ललितपुर मोहम्मद मुस्ताक द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के दौरान दिवंगत हुए पुलिसकर्मियों के आश्रितों को उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (सेवाकाल में मृत्यु) आश्रित नियुक्ति नियमावली के अंतर्गत चतुर्थ श्रेणी (अनुचर) पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने नियुक्ति प्राप्त करने वाले आश्रितों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विभाग अपने दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों के साथ सदैव खड़ा है तथा आश्रितों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराना पुलिस परिवार के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले आश्रितों ने पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग द्वारा दी गई इस नियुक्ति से दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल मिलने के साथ-साथ उनके भविष्य को नई दिशा भी प्राप्त होगी।


