HomeNEWSकस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत जागरूकता...

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति छात्राओं को किया जागरूक, सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने पर दिया जोर

  • अमित कुमार

बरेली। नवरात्रि के पावन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी भदपुरा के निर्देशन में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, भदपुरा में मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत किशोरावस्था बालिका जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य और साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना तथा किशोरावस्था में स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता शिक्षिका राखी गंगवार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में शारीरिक बदलावों को समझना और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत साफ-सफाई बनाए रखने, संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने तथा अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।

राखी गंगवार ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खानपान पर ध्यान देना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और रूढ़ियों को दूर करने पर जोर देते हुए कहा कि माहवारी एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है। इसे लेकर किसी भी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं करना चाहिए। सही जानकारी और जागरूकता ही बेहतर स्वास्थ्य का आधार है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तनों को सहजता से समझने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।

इस अवसर पर डॉ. विवेक सक्सेना, डॉ. मधुरेश दीक्षित, शिक्षक शिवम कुमार और अमित गंगवार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में सभी ने बालिकाओं को जागरूक बनाने और उनके स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर सही जानकारी उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि बालिकाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और व्यक्तिगत देखभाल के प्रति जागरूक बनाना एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने में सहायक साबित होते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments