राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा, छात्रों पर लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं से कथित बदसलूकी का जताया विरोध
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। दिल्ली में छात्रों और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज, कांग्रेस नेताओं के साथ कथित बदसलूकी तथा विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं को कथित रूप से हाउस अरेस्ट किए जाने के विरोध में कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी ने महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।
कैंट क्षेत्र स्थित अपने आवास पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन थाना कैंट प्रभारी को सौंपा। इस दौरान केंद्र सरकार और विशेष रूप से केंद्रीय गृह मंत्री के प्रति प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप चूड़ियां भी भेंट की गईं तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने आरोप लगाया कि पिछले दो दिनों से उन्हें उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट रखा गया, जिसके कारण उन्हें जिलाधिकारी कार्यालय जाकर ज्ञापन देने की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने अपने आवास से ही विरोध दर्ज कराते हुए पुलिस प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाया जाए, छात्रों और युवाओं से जुड़े घटनाक्रम पर प्रधानमंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें तथा छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पेपर लीक से प्रभावित होकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।


