
औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, समन्वय और शांति बनाए रखने के दिए निर्देश
राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा जोनल कार्यालय में वर्तमान परिदृश्य के दृष्टिगत जनपद कानपुर देहात की विभिन्न फैक्ट्रियों में श्रमिकों द्वारा वेतन, सेवा शर्तों एवं अन्य मांगों को लेकर किए जा रहे हड़ताल एवं आंदोलनों की स्थिति के संबंध में उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रमिकों एवं फैक्ट्री प्रबंधन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अवांछनीय तत्वों की सक्रियता पर प्रभावी निगरानी रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक गतिविधियों एवं आमजन के आवागमन को किसी भी स्थिति में बाधित न होने दिया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिक आंदोलनों के दौरान संवाद, संवेदनशीलता एवं संयम के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रहे।
गोष्ठी में स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि श्रमिक आंदोलनों से संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए तथा अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में हरीश चन्दर, कपिल सिंह, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय सहित शासन-प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता औद्योगिक क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा एवं सामान्य कार्यप्रणाली बनाए रखना है, जिससे श्रमिकों एवं उद्योग प्रबंधन दोनों के हित सुरक्षित रह सकें।


