HomeNEWSकानपुर देहात में स्लीपर बसों की सघन चेकिंग, सुरक्षा मानकों की हुई...

कानपुर देहात में स्लीपर बसों की सघन चेकिंग, सुरक्षा मानकों की हुई जांच

उच्च न्यायालय और यातायात निदेशालय के निर्देश पर चला विशेष अभियान, अग्निशमन उपकरणों से लेकर चालक के लाइसेंस तक की पड़ताल

  • आशीष तिवारी

कानपुर देहात। माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद तथा यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा स्लीपर बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने बसों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों और निर्धारित मानकों की सघन जांच की।

चेकिंग के दौरान बसों में फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई। इसके साथ ही आधुनिक एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), चालक एवं परिचालक के लाइसेंस, ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट तथा आपातकालीन निकास द्वार की भी पड़ताल की गई। अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बस संचालन में निर्धारित नियमों का पालन कराना रहा।

पुलिस टीम ने बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया। यात्रियों को बताया गया कि किसी दुर्घटना या आग लगने जैसी स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें और उपलब्ध आपातकालीन निकास का उपयोग करें।

कानपुर देहात पुलिस का यह अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और स्लीपर बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह की जांच से बस संचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जिम्मेदार बनाने तथा संभावित दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments