कानपुर नगर की पहली ISO सर्टिफाइड तहसील बनी घाटमपुर, DM को सौंपा गया प्रमाणपत्र

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने घाटमपुर के उपजिलाधिकारी अबिचल प्रताप सिंह सहित पूरी तहसील टीम को बधाई दी और आगे भी इसी तरह बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। प्रशासनिक सेवाओं की गुणवत्ता और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली के लिए घाटमपुर तहसील को अंतरराष्ट्रीय मानक आईएसओ 9001:2015 का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही घाटमपुर, कानपुर नगर की पहली आईएसओ सर्टिफाइड तहसील बन गई है। आईएसओ के प्रतिनिधि रामधन गौतम ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को यह प्रमाणपत्र प्रदान किया।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने घाटमपुर के उपजिलाधिकारी अबिचल प्रताप सिंह सहित पूरी तहसील टीम को बधाई दी और आगे भी इसी तरह बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि तहसील प्रशासन की पारदर्शी और व्यवस्थित कार्यप्रणाली का परिणाम है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईएसओ प्रमाणन केवल सम्मान नहीं है, बल्कि जनसेवाओं की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाए रखने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस मानक को बनाए रखते हुए नागरिकों को समयबद्ध और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन के तहत तहसील घाटमपुर में राजस्व न्यायालय प्रबंधन, भूमि अभिलेख व नामांतरण सेवाएं, उत्तराधिकार प्रकरण, राजस्व वसूली, सामाजिक कल्याण योजनाओं का क्रियान्वयन, वैधानिक प्रमाणपत्रों का निर्गमन, जन शिकायतों का निस्तारण और आपदा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।
यह प्रमाणन 6 मार्च 2026 को जारी हुआ है, जिसकी वैधता 5 मार्च 2029 तक रहेगी। इस उपलब्धि से उम्मीद जताई जा रही है कि तहसील क्षेत्र के नागरिकों को अधिक बेहतर और सुव्यवस्थित प्रशासनिक सेवाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, अपर जिलाधिकारी (सिविल सप्लाई) राजेश कुमार, तहसीलदार अंकिता पाठक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।



