
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर गिनाईं उपलब्धियां, विकास प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को कानपुर दौरे पर पहुंचे। सर्किट हाउस पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व मंत्री सुरेश अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह तथा ग्रामीण जिलाध्यक्ष उमेश पासवान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सर्किट हाउस में बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री बृजेंद्र स्वरूप पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों और योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। उपमुख्यमंत्री ने स्टॉलों का अवलोकन कर विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मातृ शक्ति योजना के अंतर्गत बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। उन्होंने एक बच्चे को गोद में लेकर स्नेहपूर्वक खिलाया तथा उसे उपहार भी भेंट किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि, आधारभूत संरचना, रक्षा, तकनीक और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उनके अनुसार जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण तथा गरीबों के हित में संचालित योजनाएं सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।

उपमुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ की अवधारणा का भी समर्थन करते हुए कहा कि इससे संसाधनों की बचत होगी और शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद कानपुर में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है तथा आने वाले समय में शहर को और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ विपक्षी दल समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता ऐसे प्रयासों को समझ रही है और आगामी चुनावों में इसका जवाब देगी। भाजपा के भीतर मतभेदों की चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे और संपत्ति से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामलों पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों की जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के आवास के लिए रवाना हो गए।


