HomeNEWSकानपुर में ‘अखबार पढ़ो’, ‘स्कूल चलो’ व ‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का...

कानपुर में ‘अखबार पढ़ो’, ‘स्कूल चलो’ व ‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का संयुक्त शुभारंभ

डीएम व सीडीओ की मौजूदगी में जागरूकता रैली, छात्रों को अखबार पढ़ने की नई पहल, दो बच्चों का नामांकन भी हुआ

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। कंपोजिट विद्यालय बेनाझाबर में बुधवार को “अखबार पढ़ो अभियान”, “स्कूल चलो अभियान” एवं “संचारी रोग नियंत्रण अभियान” का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन उपस्थित रहीं। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई तथा विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से अखबार पढ़ने की आदत विकसित करना एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उनकी भाषा क्षमता, विश्लेषण क्षमता और समसामयिक समझ का विकास होता है। उन्होंने बताया कि अब जनपद के विद्यालयों में बच्चों को हिंदी एवं अंग्रेजी के प्रमुख अखबार पढ़ने का अवसर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को समाचारों की कतरन संग्रह करने, क्विज प्रतियोगिता एवं चर्चा सत्रों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे उनमें पढ़ने की आदत और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास हो सके।

कार्यक्रम के दौरान कंपोजिट विद्यालय मसवानपुर की कक्षा दो की छात्रा एल्ज़ीमा ने अखबार का वाचन कर अंतरराष्ट्रीय खबरों से सभी को अवगत कराया, जिसकी सभी ने सराहना की।

मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि “स्कूल चलो अभियान” का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संचारी रोगों से बचाव हेतु स्वच्छता और जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने दो बच्चों—ऐश्वर्या एवं प्रिंस—का विद्यालय में नामांकन कराया तथा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आठ शिक्षकों को सम्मानित किया गया और प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments