HomeNEWSकानपुर में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई, 110 वाहनों की जांच...

कानपुर में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई, 110 वाहनों की जांच में 7 पकड़े गए

झांसी-कानपुर रोड पर खनिज विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान, नियमों के उल्लंघन पर वाहनों के चालान और सीज की कार्रवाई; करीब 4 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। जनपद में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर झांसी-कानपुर रोड पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान करीब 110 वाहनों की जांच की गई। इनमें अनियमितता पाए जाने पर 7 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से खनिज विभाग को लगभग 4 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

110 वाहनों की जांच, 7 के खिलाफ कार्रवाई

अभियान के दौरान खान अधिकारी, कानपुर नगर ने पुलिस बल के साथ उपखनिज बालू, मोरम और गिट्टी से लदे वाहनों की औचक जांच की। जांच में 7 वाहन ओवरलोडिंग अथवा वैध परिवहन प्रपत्र के बिना संचालित होते पाए गए। संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालान करने और उन्हें सीज करने की कार्रवाई की गई।

अवैध खनन और परिवहन पर प्रशासन सख्त

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने टास्क फोर्स के सदस्यों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में खनन गतिविधियों तथा खनिज परिवहन की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने औचक जांच अभियान जारी रखने और बिना वैध परिवहन प्रपत्र के खनिज ले जाने वाले वाहनों के साथ ओवरलोडिंग में संलिप्त वाहनों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अनियमित परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments