भौंती-चकरपुर में पहली ऑल-रेंज डीलरशिप का उद्घाटन, इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर से हैवी ड्यूटी ट्रक तक वाहन उपलब्ध
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। भारत सरकार की ऑटो पीएलआई योजना के तहत ओईएम कंपनी एका मोबिलिटी ने स्टेलर मोबिलिटी के साथ साझेदारी करते हुए कानपुर में अपनी पहली ऑल-रेंज डीलरशिप का उद्घाटन किया। यह पहल कंपनी के बिक्री, वितरण एवं सेवा नेटवर्क के विस्तार तथा वाणिज्यिक परिवहन क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कानपुर के भौंती-चकरपुर में एका की संपूर्ण इलेक्ट्रिक वाहन रेंज की शुरुआत की गई। इसमें इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स, छोटे वाणिज्यिक वाहन, इलेक्ट्रिक बसें और हैवी ड्यूटी इलेक्ट्रिक ट्रक शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, एक ही स्थान पर पूरी इलेक्ट्रिक रेंज उपलब्ध होने से वाणिज्यिक वाहन ग्राहकों को अपनी जरूरत के अनुसार वाहन चुनने और बिक्री के बाद बेहतर सेवा प्राप्त करने में सुविधा होगी।
इस अवसर पर कंपनी के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. सुधीर मेहता, एका मोबिलिटी के ग्रुप प्रेसिडेंट अरिंहत मेहता, बिजनेस हेड रोहित श्रीवास्तव तथा स्टेलर मोबिलिटी से जसप्रीत सिंह और आशीष जाखोड़िया मौजूद रहे।
डॉ. सुधीर मेहता ने कहा कि स्टेलर मोबिलिटी के साथ मिलकर कानपुर में पहली डीलरशिप खोलकर कंपनी उत्तर प्रदेश में अपने व्यावसायिक ग्राहकों के लिए मजबूत और सुलभ रिटेल इकोसिस्टम तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ रही है, वैसे-वैसे वाहनों की देखभाल और बेहतर सर्विस नेटवर्क की आवश्यकता भी बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2027 तक 20 से अधिक राज्यों में 200 से ज्यादा डीलरशिप स्थापित करना है, ताकि देश के प्रमुख परिवहन केंद्रों में बढ़ती इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों की मांग को पूरा किया जा सके।
कंपनी के सीईओ अश्मित सिंह ने कहा कि एका भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की पूरी श्रृंखला पेश करने वाली ओईएम कंपनियों में शामिल है। कंपनी के वाहन भारत में ही डिजाइन, इंजीनियर और निर्मित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी का फोकस आसान बिक्री प्रक्रिया के साथ विश्वसनीय आफ्टर-सेल्स सहायता उपलब्ध कराने पर है, जिससे ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना अधिक आसान और सुविधाजनक हो सके।


