HomeNEWSकानपुर में एक करोड़ रुपये की चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

कानपुर में एक करोड़ रुपये की चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

अपराध शाखा और बर्रा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, साढ़े आठ किलो अवैध चरस बरामद

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। कानपुर पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराध शाखा और बर्रा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब साढ़े आठ किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन व्हाइट पाउडर” के तहत प्राप्त मुखबिर की सूचना के आधार पर बर्रा थाना क्षेत्र स्थित प्रिया हॉस्पिटल के सामने अंडरपास के नीचे छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमजान अहमद (44 वर्ष) तथा एजाज अहमद (32 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मसवानपुर, रावतपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बर्रा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई अपराध शाखा की स्वाट टीम और बर्रा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसे मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments