HomeNEWSकानपुर में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने किया सामूहिक संपूर्ण वंदे...

कानपुर में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने किया सामूहिक संपूर्ण वंदे मातरम् गान

26 से 30 नवंबर तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में लगेगा हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला, विद्यार्थियों और अभिभावकों से सहभागिता की अपील

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान, कानपुर के आह्वान पर मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को महानगर के विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में सामूहिक संपूर्ण वंदे मातरम् गान का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार, सूचना संकलन के समय तक एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं, आचार्यों और शिक्षकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। विभिन्न विद्यालयों में आयोजित विशेष प्रार्थना सभाओं में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, आचार्यों और उपस्थित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को आगामी हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 26 से 30 नवंबर 2026 तक कानपुर के बेनाझाबर स्थित बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में मेले का आयोजन किया जाएगा। यह स्थल बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के समीप है।

वक्ताओं ने कहा कि हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला प्राचीन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक मूल्यों और मानवीय सेवा से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में सहभागिता करने की अपील की।

विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व से भी अवगत कराया गया। आयोजकों ने मेले को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने आगामी सेवा मेले को सफल बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत जी कोठारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर प्रांत के प्रांत संचालक भवानी भीख तिवारी और प्रांत प्रचारक राम जी सहित मेले से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments