तिलक हॉल में प्रेस वार्ता के दौरान बोले— निष्पक्ष एजेंसी से हो जांच, सत्ता पर लगाए लीपापोती के आरोप
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। कांग्रेस सांसद राजेश रंजन ‘पप्पू यादव’ ने कानपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राम मंदिर चढ़ावा से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मामले की जांच किसी स्वतंत्र और निष्पक्ष एजेंसी से कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे ही पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ सकेगी।
प्रेस वार्ता में पप्पू यादव ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने वाले भाजपा नेता अब कथित चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि यदि मामले की जांच उन्हीं लोगों या उनसे जुड़े तंत्र द्वारा कराई जाएगी, जिन पर सवाल उठ रहे हैं, तो निष्पक्ष जांच संभव नहीं हो पाएगी। उनके अनुसार, ऐसी स्थिति में सच्चाई सामने आने के बजाय केवल मामले को दबाने का प्रयास होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार यह मांग कर रही है कि पूरे प्रकरण की समयबद्ध जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, ताकि तथ्यों का निष्पक्ष खुलासा हो सके और लोगों का विश्वास कायम रहे।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, हरप्रकाश अग्निहोत्री, शीलू श्रीवास्तव, विशाल गुप्ता, श्यामू गुप्ता, दिलशाद अहमद, विनोद अवस्थी, अब्दुल माबूद, अमिताभ दत्त मिश्रा, राम शंकर राय, देव राय सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


