कानपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को पुलिस की बैठक, 30 दिवसीय कार्ययोजना पर मंथन

28 प्रमुख चौराहों की समीक्षा, जाम से निपटने के लिए क्यूआरटी गठन और ई-रिक्शा कलर कोडिंग पर जोर
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 15 मार्च 2026 को पुलिस सभागार में ट्रैफिक अधिकारियों की गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा तथा पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने की।
बैठक में शहर के 28 प्रमुख चौराहों की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई और आगामी 30 दिवसीय कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के गठन, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।


इसके अलावा ई-रिक्शा की कलर कोडिंग को शत-प्रतिशत पूरा कराने, आईसीसीसी और ट्रैफिक कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा टीआई/टीएसआई की मासिक समीक्षा के जरिए यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि कानपुर नगर में बेहतर और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों के समन्वय और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन के माध्यम से जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्य किया जाएगा।
आगामी 30 दिवसीय कार्ययोजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।



