
घर-घर पहुंचेगी सोलर योजना की जानकारी, मुफ्त बिजली और सब्सिडी पर रहेगा फोकस
सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत “सूर्य रथ” जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार मौजूद रहीं।
यह अभियान 20 से 26 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान “सूर्य रथ” शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को सोलर रूफटॉप सिस्टम के फायदे, सरकारी सब्सिडी और मुफ्त बिजली योजना से जुड़ी अहम जानकारी देगा।
इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को बढ़ते बिजली बिल से राहत दिलाना है। साथ ही, यह अभियान स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि यह अभियान देश के 40 शहरों और उत्तर प्रदेश के 4 प्रमुख शहरों में चलाया जाना है, जिसकी शुरुआत कानपुर से की गई है। सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में कानपुर पहले ही 100 मेगावॉट से अधिक उत्पादन के साथ प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, जो शहर में बढ़ती जागरूकता और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


