HomeEntertainmentकानपुर में Jolly LLB 3 की स्टारकास्ट का स्वागत, RAVE थ्री मॉल...

कानपुर में Jolly LLB 3 की स्टारकास्ट का स्वागत, RAVE थ्री मॉल में गूँजा ट्रेलर लॉन्च

दर्शकों ने न केवल कलाकारों की झलक पाने के लिए उत्साह दिखाया बल्कि जोरदार तालियों और नारों से उनका स्वागत भी किया।

  • मनीष कुमार

कानपुर नगर। बॉलीवुड की चर्चित कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘Jolly LLB 3’ के सितारे बुधवार को कानपुर पहुंचे। फिल्म के मुख्य कलाकार अक्षय कुमार, अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला के आगमन पर कानपुर एयरपोर्ट पर माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा।

पुलिस आयुक्त अखिल कुमार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष इन्दीवर बाजपेयी, महामंत्री अमित कुमार, लायर्स एसोसिएशन कानपुर के अध्यक्ष दिनेश वर्मा और महामंत्री राजीव यादव ने एयरपोर्ट पर फिल्मी सितारों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए गए और आगामी फिल्म की सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ दी गईं।

इसके बाद, रेव थ्री मॉल में फिल्म का भव्य ट्रेलर लॉन्च और प्रमोशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसक और कानपुरवासी शामिल हुए। दर्शकों ने न केवल कलाकारों की झलक पाने के लिए उत्साह दिखाया बल्कि जोरदार तालियों और नारों से उनका स्वागत भी किया।

गौरतलब है कि ‘Jolly LLB’ श्रृंखला हमेशा से अपनी यथार्थपरक कहानी और दमदार अदाकारी के लिए दर्शकों के बीच खास पहचान बनाती रही है। इस बार भी फिल्म में सामाजिक मुद्दों को व्यंग्य और कोर्टरूम ड्रामा के अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। कानपुर आगमन के दौरान कलाकारों ने भी शहरवासियों के उत्साह और प्यार को सराहा तथा कानपुर को “जॉली का असली घर” बताया।

रेव थ्री मॉल में बुधवार को बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार का बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मौके पर भारी भीड़ के बावजूद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाए रखा।

पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) श्रवण कुमार सिंह स्वयं कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे और पल-पल सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। भीड़ नियंत्रण और दर्शकों की सुरक्षा के लिए मॉल परिसर को चारों ओर से बैरिकेडिंग कर नियंत्रित प्रवेश और निकास व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके साथ ही महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और स्टाफ लगाया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments