
‘शो योर टैलेंट’ पहल के तहत नृत्य, संगीत, रैंप वॉक और संवाद अदायगी की शानदार प्रस्तुतियां, यात्रियों ने तालियों से बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। कानपुर मेट्रो की ‘शो योर टैलेंट’ पहल के तहत बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। सीएसएफ प्रोडक्शंस के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के कलाकारों ने नृत्य, संगीत, रैंप वॉक और संवाद अदायगी के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर करीब तीन बजे हुई। बाल कलाकारों ने जोश और उत्साह से भरपूर नृत्य प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। ‘तुझको शरारत सिखावां’, ‘बड़ी मुश्किल बाबा बड़ी मुश्किल’ और ‘जब ज़िद पर आ गई पार्वती’ जैसे लोकप्रिय गीतों एवं भजनों पर कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।
नृत्य के बाद मॉडलिंग में रुचि रखने वाले युवा प्रतिभागियों ने रैंप वॉक के माध्यम से अपने आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही, अलग-अलग परिदृश्यों पर आधारित अभिनय और संवाद अदायगी ने कार्यक्रम को और रोचक बना दिया। युवा कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
सांस्कृतिक संध्या के अगले चरण में विभिन्न आयु वर्ग के गायकों ने अपनी सुरीली आवाज में गीत प्रस्तुत किए। मधुर संगीत से सजे इस कार्यक्रम ने यात्रियों को मनोरंजन का एक अनूठा अनुभव दिया। मेट्रो स्टेशन पर आयोजित इस आयोजन में कला और संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले।
कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों ने उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए कानपुर मेट्रो का आभार व्यक्त किया। प्रतिभागियों ने ‘शो योर टैलेंट’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच उभरते कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने और उसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करता है।
कानपुर मेट्रो की यह पहल सार्वजनिक परिवहन को केवल आवागमन का माध्यम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए कला, साहित्य और संस्कृति को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे आयोजन उभरती प्रतिभाओं को मंच देने के साथ यात्रियों के सफर को भी अधिक रोचक और यादगार बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।


