कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा: तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा गिरफ्तार, कई लोग हुए थे घायल

- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए चर्चित लैंबॉर्गिनी कार हादसे में पुलिस ने तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।
इस मामले में शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन घायलों और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद शिवम मिश्रा का नाम एफआईआर में जोड़ा गया।
8 फरवरी को हुआ था हादसा
8 फरवरी को वीआईपी रोड स्थित रेव थ्री मॉल के पास तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार ने पहले एक ऑटो में टक्कर मारी। इसके बाद बुलेट मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। अनियंत्रित कार अंततः एक पोल से टकराकर रुकी। हादसे में एक राहगीर भी घायल हुआ था।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

ड्राइवर ने लिया था जिम्मेदारी का दावा
हादसे के बाद आरोपी पक्ष की ओर से यह दावा किया गया कि कार शिवम नहीं, बल्कि ड्राइवर चला रहा था। एक दिन पहले ड्राइवर मीडिया के सामने भी आया और उसने खुद को वाहन चालक बताया।
हालांकि पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज में यह स्पष्ट हुआ कि घटना के समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था।
पिता ने बताया था दिल्ली में इलाज
शिवम के पिता केके मिश्रा ने पहले दावा किया था कि उनका बेटा दिल्ली में इलाज करा रहा है। जबकि पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह कानपुर में ही छिपा हुआ था। घटना के चार दिन बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
सीसीटीवी और चश्मदीद गवाह बने आधार
घटना के बाद वायरल हुए वीडियो में शिवम मिश्रा को ड्राइविंग सीट से बाहर निकालते हुए देखा गया था। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया था कि जांच में सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के आधार पर यह पुष्टि हुई कि वाहन शिवम ही चला रहा था।
पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



